भाग सिंह यूनिवर्सिटी के पास सनसनीखेज हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर घायल होकर गिरफ्तार
16 तारीख को भाग सिंह यूनिवर्सिटी के नजदीक हुई एक सनसनीखेज वारदात में केसर धामी नामक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दो शूटर शामिल थे, जिन्होंने वारदात के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट भी डाली थीं। थाना आदमपुर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
स्पेशल टीमों का गठन, गुप्त सूचना से मिली बड़ी सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी आदमपुर राजीव कुमार, एसएचओ इंस्पेक्टर रविंदर पाल, डीएसपी डिटेक्टिव इंदरजीत सिंह सैनी और सीआईए इंस्पेक्टर पुष्पोबाली की अगुवाई में विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी वारदात के बाद अपने हथियार सड़क किनारे एक मोटर के पास छिपाकर गए हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह से ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।

हथियार बरामद करने आए आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़
जब दोनों आरोपी हथियार लेने मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचे और पुलिस पार्टी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें से एक सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी में लगा और एक गोली पास के पेड़ में जा लगी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोलियां लगीं और वे घायल हो गए।
अस्पताल में भर्ती, भारी मात्रा में बरामदगी
घायल आरोपियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से दो .32 बोर के पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली खोल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि इस सनसनीखेज हत्या मामले को ट्रेस कर आरोपियों की गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता है और आगे की कानूनी कार्रवाई सख्ती से की जाएगी।



